सावन में शिवमय हुआ बाजार, कांवड़ यात्रियों में उमड़ा खरीदारी का सैलाब
जौनपुर। श्रावण मास की शुरुआत के साथ ही मछलीशहर का बाजार शिवभक्ति के रंग में पूरी तरह रंग चुका है। पूरा बाजार मानो 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज रहा है। तहसील रोड पर सजी भगवा परिधानों की दुकानों पर सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
कांवड़ यात्रा की तैयारी में जुटे श्रद्धालुओं में विशेषकर युवा समूहों का उत्साह देखते ही बनता है। ये युवक गेरुआ वस्त्र, भगवान शिव की तस्वीरों वाले टी-शर्ट, सिर पर बांधने के लिए गमछे, रुद्राक्ष की मालाएं, त्रिशूल, डमरू, और ओम् अंकित खिलौनों की खरीदारी में व्यस्त दिखाई दे रहे हैं।
खास बात यह है कि इन दुकानों पर बच्चों के लिए भी शिवभक्ति से जुड़े आकर्षक परिधान उपलब्ध हैं, जिन्हें माता-पिता श्रद्धा और सजावट दोनों के रूप में खरीद रहे हैं। छोटे-छोटे बच्चों के लिए भोलेनाथ की फोटो वाली टी-शर्ट और पैंट खूब बिक रहे हैं।
मछलीशहर ही नहीं, बल्कि बंधवाबाजार, मीरगंज, गरियांव, सुजानगंज, पवारा और जंघई सहित आसपास के बाजारों से भी फुटकर व्यापारी यहां खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।
लोग अपनी आय और सुविधा के अनुसार भक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर सामान खरीद रहे हैं। हर दुकान पर शिवभक्तों की भीड़ यह बताने के लिए काफी है कि सावन का माह जौनपुर को किस तरह भक्ति की बयार में बहा रहा है।

