मुंबई में युवक की सनसनीखेज हत्या: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कमरे में दफनाया शव, ऊपर बिछा दी टाइल्स और बेड!
जौनपुर ।मुंबई के नालासोपारा से एक खौफनाक वारदात सामने आई है जिसने जौनपुर जिले के एक परिवार की खुशियों को चकनाचूर कर दिया। आरोप है कि यहां रहने वाले युवक विजय चौहान की उसकी ही पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कमरे में दफनाकर ऊपर टाइल्स बिछा दी गईं, और फिर उस पर बेड डालकर वही सोती रही।
जैसे ही यह खबर विजय के जौनपुर स्थित पैतृक गांव पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्य फफक कर रो पड़े। परिजन तत्काल मुंबई रवाना हो गए।
30 वर्षीय विजय चौहान जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र स्थित अभयचंद पट्टी गांव के रहने वाले थे। पिछले 15 वर्षों से वे मुंबई में राजगीर मिस्त्री का कार्य करते थे। आठ साल पूर्व उनकी शादी जफराबाद थाना क्षेत्र के हौज गांव की चमन से हुई थी। शादी के बाद वे पत्नी के साथ नालासोपारा में एक कमरे में रहते थे, जो विजय ने खुद खरीदा था।
विजय के बहनोई सुरेन्द्र के अनुसार 2 जुलाई को विजय ने अपनी पत्नी को पड़ोस में रहने वाले मोनू विश्वकर्मा से संदिग्ध हालत में बातचीत करते पकड़ा था और मारपीट भी की थी। उसी दिन से विजय लापता हो गया। उसकी पत्नी बार-बार यही कहती रही कि वो काम पर चला गया है।
एक दिन विजय का भाई अजय रूम पर पहुंचा तो उसकी भाभी ने कहा कि टाइल्स टूट गई हैं, उन्हें लगा दीजिए। अजय ने अपनी आंखों के सामने उसी जगह नई टाइल्स लगा दीं, जहां उसका भाई मृत पड़ा था। कुछ दिन बाद जब रूम बंद मिला और मोबाइल भी स्विच ऑफ, तो उसे शक हुआ। पड़ोसियों को बुलाकर ताला तोड़ा गया और खुदाई शुरू हुई। थोड़ी ही देर में बदबू फैल गई। पुलिस को सूचना दी गई। खुदाई के बाद जब शव निकाला गया तो वह विजय का निकला।
हत्या के बाद आरोपी पत्नी चमन अपने प्रेमी मोनू और बेटे को लेकर फरार हो चुकी है। नालासोपारा पुलिस ने मोनू के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जब इस मामले में चमन के पिता दूधनाथ चौहान से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा, “बीते एक साल से बेटी से कोई बात नहीं हुई थी। अगर वह दोषी है, तो उसे कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए ।”
जौनपुर के लोगों के लिए यह घटना किसी बुरे सपने से कम नहीं। एक ऐसी पत्नी, जो बेटे के पिता को मारकर शव पर टाइल्स बिछवा दे, वह कितनी निर्मम हो सकती है — यह कल्पना से परे है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरा परिवार न्याय की आस लगाए बैठा है।

