केराकत के चंद्रकांत त्रिपाठी गायन की दुनिया में मचा रहे हैं धूम,
डीडी यूपी के ‘लोक रंग सुरों के संग’ कार्यक्रम में होंगे शामिल
संजय शुक्ल
केराकत (जौनपुर)। केराकत तहसील क्षेत्र के अकबरपुर गांव निवासी होनहार युवा गायक चंद्रकांत त्रिपाठी इन दिनों गायन की दुनिया में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। उनकी मधुर और सधी हुई आवाज़ ने संगीत प्रेमियों के दिलों में खास जगह बना ली है।चंद्रकांत त्रिपाठी जल्द ही दूरदर्शन उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘लोक रंग सुरों के संग’ में अपने सुरों का जादू बिखेरते नजर आएंगे। यह कार्यक्रम इसी 9 और 10 अगस्त को रात 9 बजे से प्रसारित किया जाएगा, जिसमें वह पारंपरिक और लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे।
चंद्रकांत परिषदीय विद्यालय में अध्यापक हैं। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग वाराणसी में है। अध्यापन के साथ साथ वे अपने गुरु नरेन्द्र झा से संगीत की बारीकियां सीख रहे हैं। भजन, भोजपुरी और कजरी के अब तक उनके आधा दर्जन एलबम रिलीज हो चुके हैं। वर्ष 2024 में रिलीज भजन 'दुअरा आवा महामाई' बड़ा ही लोकप्रिय हुआ था।
श्री त्रिपाठी ने बहुत कम समय में अपने सुरों से न सिर्फ क्षेत्रीय बल्कि राज्य स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई है। लोकगीतों की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने और युवा पीढ़ी को इससे जोड़ने के उनके प्रयासों को सराहा जा रहा है। उन्होंने बताया कि उन्हें वर्ष 2005 में उनके आरम्भिक गुरु नागेश्वर लाल श्रीवास्तव से गायन की प्रेरणा मिली।
स्थानीय लोगों में चंद्रकांत त्रिपाठी की इस उपलब्धि को लेकर खुशी की लहर है, और सभी को 9 व 10 अगस्त की रात 9 का बेसब्री से इंतज़ार है, जब वे डीडी यूपी पर अपने प्रिय गायक को देख और सुन सकेंगे।

