व्यापार मंडल में खींचतान, नगर अध्यक्ष बदले – प्रदीप कुमार पिंकू की ताजपोशी
संजय शुक्ल
केराकत। (जौनपुर ) । केराकत व्यापार मंडल में इन दिनों अंदरूनी मतभेद खुले टकराव में बदल गए हैं। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल और नगर अध्यक्ष कृष्ण चन्द उपाध्याय उर्फ राजू के बीच पिछले कई दिनों से कार्यप्रणाली को लेकर खींचतान चल रही थी। सूत्रों के अनुसार नगर अध्यक्ष ने सार्वजनिक रूप से तहसील अध्यक्ष के कुछ निर्णयों पर सवाल उठाए और संगठन के भीतर पारदर्शिता की मांग की। इस खुली नाराज़गी को लेकर दोनों के बीच रिश्ते बिगड़ गए।
स्थिति तब और गरमाई जब नगर अध्यक्ष कृष्ण चन्द उपाध्याय उर्फ राजू ने जिला उपाध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल सहित अपने समर्थकों के साथ तहसील अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने पिछले दिनों जिलाध्यक्ष से लिखित शिकायत की और तहसील अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष द्वारा कोई कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार को नगर अध्यक्ष और जिला उपाध्यक्ष ने अपने समर्थकों के साथ वीडियो के माध्यम से सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया।
जवाब में तहसील अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने संगठन के अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए नगर अध्यक्ष कृष्ण चन्द उपाध्याय उर्फ राजू को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया। बुधवार को आपात बैठक में तहसील अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने सर्वसम्मति से प्रदीप कुमार ‘पिंकू’ को नगर का नया अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि नए नेतृत्व में संगठन में एकजुटता और सक्रियता आएगी।
घटनाक्रम को लेकर व्यापारियों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। एक ओर कुछ सदस्य इसे संगठन के अंदर लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा मान रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर कई लोग इसे गुटबाजी और व्यक्तिगत वर्चस्व की लड़ाई बता रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रदीप कुमार पिंकू इस चुनौतीपूर्ण माहौल में संगठन को किस दिशा में ले जाते हैं।