अपहरण के वांछित अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पीड़िता सकुशल बरामद
https://www.shirazehind.com/2025/08/blog-post_30.html
जौनपुर। थाना लाइन बाजार पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपहरण के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस दौरान अपहृत किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक ईशचन्द यादव मय टीम अपहरण के मुकदमे से संबंधित पीड़िता की तलाश में लगे थे। इसी क्रम में उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त पचहटिया तिराहा के पास मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अभियुक्त राजेश सिंह उर्फ भोलू पुत्र रामबाबू निवासी जहानपुर, थाना कंचनपुर, जनपद धौलपुर (राजस्थान) को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना लाइन बाजार में मु0अ0सं0-324/23, धारा 363/366 भादवि के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने अभियुक्त को आवश्यक कानूनी कार्यवाही के पश्चात न्यायालय भेज दिया है, वहीं पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया गया है।

