गणेश पंडाल में करंट लगने से मासूम बच्ची की मौत, मड़ियाहूं में छाया मातम
https://www.shirazehind.com/2025/08/blog-post_657.html
जौनपुर। जिले के मड़ियाहूं नगर पंचायत के कजियाना मोहल्ले में गणेशोत्सव के पावन अवसर पर सजाए गए पंडाल में रविवार को अचानक हुई दर्दनाक घटना ने पूरे नगर को गमगीन कर दिया। बिजली के करंट की चपेट में आने से मासूम सृष्टि प्रजापति पुत्री लालू की असमय मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर फैलते ही पूरे मोहल्ले में कोहराम मच गया और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहल्ले में बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। पंडाल सजाने और पूजा-अर्चना की तैयारियां जोरों पर थीं। इसी बीच करंट लगने से मासूम सृष्टि की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार ही नहीं, पूरे नगर को झकझोर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाने का प्रयास किया, लेकिन घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
नगर में जहां गणेशोत्सव की गूंज होनी चाहिए थी, वहीं अब शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। मोहल्ले के लोग मासूम की याद में गमगीन हैं और परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं।
