"वाहः! अद्भुत, वेरी नाइस” — विदेशी पर्यटकों ने शाही किला व शाही पुल की तारीफों में बांधा पुल
ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, इंग्लैंड, कनाडा और न्यूजीलैंड से आए पर्यटक हुए जौनपुर की ऐतिहासिक धरोहरों के मुरीद
रिपोर्ट - इंद्रजीत सिंह मौर्या
जौनपुर। ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, इंग्लैंड, कनाडा और न्यूजीलैंड से आए विदेशी पर्यटकों का एक दल सोमवार को जौनपुर की ऐतिहासिक धरोहरों को निहारने पहुंचा। जैसे ही उन्होंने शाही किला और शाही पुल की भव्य नक्काशी व स्थापत्य कला देखी तो उनके मुंह से निकला— “वाहः! अद्भुत, वेरी नाइस।”
काशी में भ्रमण करने के बाद 14 सदस्यीय यह दल जौनपुर आया था। गाइड अखिलेश कुमार व माजिद हसन ने पर्यटकों को शाही किला, टर्की हमाम मस्जिद और स्नानागार सहित मुख्य द्वार की ऐतिहासिक विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पर्यटक लगातार इन धरोहरों को अपने कैमरे में कैद करते रहे और साफ-सफाई देखकर भी प्रसन्नता जताई।
करीब एक घंटे तक शाही किला घूमने के बाद दल ने अटाला मस्जिद, शाही पुल और लोकबंधु सद्भावना पुल का भी अवलोकन किया। जौनपुर की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों ने विदेशी मेहमानों पर गहरी छाप छोड़ी। देर शाम सभी पर्यटक पुनः काशी के लिए रवाना हो गए।