जौनपुर के सपूत एडवोकेट संजय तिवारी बने मुंबई कांग्रेस के उपाध्यक्ष, जिले में खुशी की लहर

 

जौनपुर/मुंबई। जौनपुर जिले के गौरव, लोकप्रिय व्यक्तित्व के धनी, बॉम्बे हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और समाजसेवी एडवोकेट संजय तिवारी को मुंबई कांग्रेस में एक नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। आगामी लोकल बॉडी कॉरपोरेशन चुनावों की तैयारियों के मद्देनज़र मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष एवं लोकसभा सदस्य डॉ. वर्षा गायकवाड़ ने उत्तर भारतीय विभाग के अध्यक्ष अवनीश तीर्थराज सिंह की संस्तुति पर एडवोकेट तिवारी को मुंबई कांग्रेस का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।

इस नियुक्ति की खबर मिलते ही संजय तिवारी के गृह जनपद जौनपुर में खुशी की लहर दौड़ गई। जिले के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बधाइयों का तांता लग गया है।

राजनीति और समाजसेवा में सक्रिय रहे हैं संजय तिवारी

एडवोकेट संजय तिवारी का राजनीतिक और सामाजिक जीवन बेहद सक्रिय और प्रेरणादायक रहा है। वे टी.डी. कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ महामंत्री रह चुके हैं और कांग्रेस की छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद वे यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के रूप में युवाओं की आवाज़ बनकर उभरे। उनकी स्पष्ट सोच, जनसंपर्क क्षमता और संगठनात्मक दक्षता ने उन्हें मुंबई जैसे महानगर में कांग्रेस संगठन का मजबूत स्तंभ बना दिया है।

“यह उपलब्धि जनपदवासियों को समर्पित है” — संजय तिवारी

अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए एडवोकेट संजय तिवारी ने कहा—

“यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि जौनपुर की मिट्टी, वहां के हर नागरिक और कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं का है। मैं इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाऊंगा, ताकि कांग्रेस संगठन को और मजबूत बनाया जा सके।”

उन्होंने मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. वर्षा गायकवाड़ और उत्तर भारतीय विभाग के अध्यक्ष अवनीश तीर्थराज सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।

कांग्रेस नेताओं ने दी बधाई, जताई प्रसन्नता

एडवोकेट तिवारी की नियुक्ति पर माइनॉरिटी कांग्रेस के असम प्रभारी इक़बाल अहमद, जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष फैसल हसन तबरेज, वर्तमान अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष हुकुम सिंह, वर्तमान अध्यक्ष मो. आरिफ खान, कांग्रेस नेता अनिल कुमार सिंह, सुरेंद्र विक्रम सिंह बाबा भइया, राकेश सिंह डब्बू, प्रवीण सिंह पिंटू, गुलाब सिंह, सुजीत सिंह कोल्हुआ, उस्मान अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जनों ने हर्ष व्यक्त किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

जौनपुर में गूंजा जश्न, समर्थकों ने मिठाइयां बांटीं

यह खबर जैसे ही जौनपुर पहुंची, समर्थकों और शुभचिंतकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। शहर के विभिन्न हिस्सों में लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई और इसे जौनपुर के लिए गौरव का क्षण बताया।

स्थानीय राजनीतिक पर्यवेक्षकों के अनुसार, संजय तिवारी की नियुक्ति से उत्तर भारतीयों की भागीदारी मुंबई कांग्रेस में और सशक्त होगी तथा आगामी निकाय चुनावों में संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।

— रिपोर्ट : राजेश श्रीवास्तव, जौनपुर

Related

JAUNPUR 4853896113136822394

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item