पूरे दिन आसमान में छाये रहे बादल, तापमान में गिरावट और वोल्टेज में वृद्धि
https://www.shirazehind.com/2025/10/blog-post_58.html
जौनपुर । पिछले दो दिनों से चल रही बूंदाबांदी और कम -तेज बारिश का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। शनिवार की भोर की बारिश जोरदार रही और बूंदाबांदी का सिलसिला दोपहर तक जारी रहा। दोपहर बाद बारिश रुक गई लेकिन बादलों का डेरा पूरे दिन आसमान पर जमा रहा। जोरदार बारिश से मछलीशहर तहसील क्षेत्र के किसान गदगद हैं कुछ किसानों को आशा हो गई है कि अब उनकी धान की फसल की सिंचाई नहीं करनी पड़ेगी और कुछ लोगों को लग रहा है कि एक और सिंचाई से ही उनकी धान की फसल तैयार हो जायेगी। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और बिजली का वोल्टेज ग्रामीण इलाकों में बढ़ गया है। चूंकि बारिश न होने पर बिजली आते ही एक साथ ज्यादातर किसान अपने बिजली के पम्पिंग सेट चला दे रहे थे जिससे वोल्टेज डाउन हो जा रहा था और बार- बार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा था।उधर बारिश और जलजमाव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र के आदेश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ० गोरखनाथ पटेल ने शनिवार को आठवीं तक के सभी बोर्डों के विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया था जिस कारण स्कूल बंद रहे।

