पूर्वांचल युवा महोत्सव से चमका जौनपुर के कलाकारों का सितारा
मनोहर प्रस्तुति और युवा जोश ने किया पूरे पूर्वांचल को मंत्रमुग्ध : मनोरमा मौर्य
जौनपुर। पूर्वांचल के उभरते कलाकारों को मंच देने वाला पूर्वांचल युवा महोत्सव एक बार फिर चर्चा में है। नगर के मुक्तेश्वर प्रसाद महाविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय ऑडिशन कार्यक्रम का शुक्रवार को शानदार समापन हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य ने कहा कि इस आयोजन ने जौनपुर का नाम पूरे पूर्वांचल में रोशन कर दिया है।उन्होंने कहा कि “पूर्वांचल युवा महोत्सव” कलाकारों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें बड़ा मंच देने का बेहतरीन प्रयास है। इससे क्षेत्रीय संस्कृति को नई पहचान मिल रही है।
आयोजक एवं महोत्सव के अध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार तिवारी ने बताया कि यह कार्यक्रम एल.के. चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा लगातार तीसरे वर्ष आयोजित किया जा रहा है। इसमें पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों — आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, सोनभद्र, गाजीपुर आदि से आए कलाकार डांस, सिंगिंग, आर्ट और वादन जैसी विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाते हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष मुख्य आयोजन 23, 24 और 25 अक्टूबर को नव दुर्गा मंदिर विसर्जन घाट पर भव्य रूप से होगा। ऑडिशन के माध्यम से चयनित कलाकार मुख्य मंच पर प्रस्तुति देंगे।
समापन समारोह में संरक्षक इंद्रभान सिंह इंदु, प्रो. समर बहादुर सिंह, प्रोफेसर अजय दुबे, प्रो. मनोज मिश्रा ने आयोजन समिति को बधाई दी। इस दौरान उपेन्द्र मिश्रा, निवेदिता राय, महेंद्र विश्वकर्मा, महेंद्र गुप्ता, संजय दुबे, राकेश सिंह सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

