स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा भारत को विकसित राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं : अशोक चौरसिया
आत्मनिर्भरता का अभियान हर नागरिक को स्वावलंबी बनने की प्रेरणा : पुष्पराज सिंह
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत बृहस्पतिवार को सिद्धार्थ उपवन में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिला प्रभारी एवं काशी क्षेत्र के महामंत्री अशोक चौरसिया, जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, अभियान के जिला संयोजक सुरेन्द्र सिंघानिया तथा जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह उपस्थित रहे।अशोक चौरसिया ने कहा कि स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा भारत को विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर कर रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने की अपील की और कहा कि स्वदेशी संकल्प अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत आर्थिक आधार बनेगा।
जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भरता का यह अभियान केवल आर्थिक स्वावलंबन तक सीमित नहीं, बल्कि हर नागरिक को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देने का आंदोलन है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक जिले में चलाया जाएगा, जिसमें कार्यशालाएं, जनजागरण रैलियां और संवाद कार्यक्रम होंगे।
जिला संयोजक सुरेन्द्र सिंघानिया ने कहा कि अभियान के तहत युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों के लिए रोजगार, कौशल विकास और नवाचार पर विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
अंत में जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह ने कहा कि यह केवल राजनीतिक पहल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में जनभागीदारी का संकल्प है।

