पत्नी से जान का खतरा ! व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक से लगाई गुहार
https://www.shirazehind.com/2025/10/blog-post_97.html
जौनपुर। थाना लाइन बाजार क्षेत्र के ग्राम मण्डवीवर उर्फ पचहटिया निवासी शिव उजागिर चौहान पुत्र फिरारी चौहान ने पुलिस अधीक्षक जौनपुर को प्रार्थना पत्र देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
उसका कहना है कि वह सीधा-साधा और मेहनत मजदूरी करने वाला व्यक्ति है। करीब पन्द्रह वर्ष पूर्व पत्नी किशुनी देवी से विवाद होने के बाद दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। इस दौरान वह विदेश में रहकर कमाता रहा और वहीं से पैसे भेजकर पत्नी के नाम जमीनें खरीदीं। जबकि पैतृक संपत्ति अभी भी प्रार्थी के नाम पर है।
आरोप है कि पत्नी किशुनी देवी ने अपने नाम की जमीनें बेचकर सारा पैसा अपने दामाद को दे दिया है और अब वह प्रार्थी की नामांकित जमीन भी हड़पने की साजिश रच रही है। प्रार्थी का कहना है कि पत्नी और दामाद कई बार उसे जान से मारने या मरवाने का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन हर बार ईश्वर की कृपा से वह बच गया। प्रार्थी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन से अपनी सुरक्षा की मांग की है।

