अभाविप के नवनिर्वाचित प्रांत अध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी का हुआ भव्य सम्मान
जौनपुर। विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के काशी प्रांत के नवनियुक्त प्रांत अध्यक्ष एवं तिलकधारी महाविद्यालय के हिंदी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी का महाविद्यालय पहुंचने पर परिषद के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत व सम्मान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में उत्साह और गौरव का वातावरण देखने को मिला।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए टी.डी. पी.जी. कॉलेज के समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष एवं अभाविप नगर अध्यक्ष प्रो. हरिओम त्रिपाठी ने कहा कि यह उपलब्धि न सिर्फ संगठन बल्कि पूरे जनपद जौनपुर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि अभाविप के दीर्घ इतिहास में यह पहला अवसर है, जब जौनपुर से किसी कार्यकर्ता को काशी प्रांत अध्यक्ष जैसा महत्वपूर्ण दायित्व मिला है। डॉ. त्रिपाठी का कार्य विद्यार्थियों और शिक्षकों के हित में निरंतर प्रेरणादायी रहेगा।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय के डीन एवं अभाविप के पूर्व प्रांत उपाध्यक्ष प्रो. अजय कुमार दुबे ने कहा कि डॉ. त्रिपाठी की सरलता, सहजता और संगठन के प्रति निरंतर सक्रियता ही उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व तक लेकर आई है। उनके नेतृत्व में शिक्षा और शिक्षार्थियों के हित में सार्थक प्रयास किए जाएंगे।
ज्ञानेंद्र कुमार ने डॉ. त्रिपाठी को कुशल नेतृत्वकर्ता बताते हुए कहा कि उनके प्रांत अध्यक्ष बनने से जौनपुर में अभाविप का और अधिक विस्तार होगा। इस दौरान डॉ. विपिन कुमार सिंह, डॉ. सिद्धार्थ सिंह, डॉ. नरेंद्र देव पाठक, डॉ. सुनील कुमार एवं डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर अभाविप के सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने नवनियुक्त प्रांत अध्यक्ष का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि प्रांत अध्यक्ष के रूप में वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की रीति-नीति को आगे बढ़ाने के साथ-साथ संगठन को प्रत्येक शैक्षणिक परिसर तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों के हित में जो भी संभव होगा, उसके लिए वे सदैव प्रयासरत रहेंगे।

