मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय गो-तस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, तमंचा व बाइक बरामद
जौनपुर।थाना मीरगंज पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ में गो-तस्करी करने वाले एक अंतर्जनपदीय अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। मौके से पुलिस ने एक तमंचा 0.315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के पर्यवेक्षण में थाना मीरगंज पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान गोधना बाजार के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर पीछे मुड़कर भागने लगा। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर सेमरी अंडरपास पुलिया के पास बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
घायल बदमाश की पहचान मोनू उर्फ बलवंत बघेल पुत्र अशोक कुमार निवासी ग्राम रामनगर, थाना अखंडनगर, जनपद सुल्तानपुर (उम्र लगभग 23 वर्ष) के रूप में हुई। वह पूर्व में थाना सरायख्वाजा में दर्ज गो-तस्करी के मुकदमे में वांछित चल रहा था और एक अन्य अभियुक्त के साथ पिकअप वाहन से गो-तस्करी के मामले में फरार हो गया था।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा 0.315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा तथा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है गंभीर, उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट व पशु क्रूरता अधिनियम समेत कई मुकदमे जनपद सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर व जौनपुर में दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मीरगंज उप निरीक्षक प्रशांत कुमार सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक मुन्नीलाल कन्नौजिया, उप निरीक्षक सुनील कुमार यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

