निराश्रित विकलांग वृद्धा ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा अर्जेंट प्रार्थना पत्र
जौनपुर। 70 वर्षीय विकलांग एवं निराश्रित वृद्धा रन्नो वर्मा ने जीवन-यापन के लिए आर्थिक सहायता की मार्मिक अपील की है। उन्होंने जिलाधिकारी दिनेश चंद सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर अपने भरण-पोषण, सुरक्षा और प्रशासनिक सहायता की मांग की है।वृद्धा ने दायर प्रार्थना पत्र में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 125, Maintenance and Welfare of Parents and Senior Citizens Act तथा Rights of Persons with Disabilities Act के तहत न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
बताया गया है कि रन्नो वर्मा वर्तमान में जौनपुर में अपने भतीजे के साथ रह रही हैं। उनके पति श्री राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, निवासी ग्राम आशीपुर, पोस्ट रानीगंज, जिला प्रतापगढ़, स्वास्थ्य विभाग से सुपरवाइजर पद से सेवानिवृत्त हैं और पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। पर्याप्त संपत्ति होने के बावजूद उन्होंने वृद्धा को साथ रखने से इनकार कर दिया है तथा भरण-पोषण देने से भी इंकार कर रहे हैं।
पीड़िता ने एक वर्ष पूर्व फैमिली कोर्ट जौनपुर में गुजारा भत्ता हेतु वाद दायर किया था, लेकिन अब तक कोई अंतरिम राहत नहीं मिली है। आरोप है कि उनके पति न्यायालय में जानबूझकर अनुपस्थित रह रहे हैं, जिससे प्रकरण लंबित है।
वृद्धा की विकलांगता और असहाय स्थिति को देखते हुए उन्होंने शासन स्तर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि उन्हें जीवित रहने के लिए आवश्यक आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा मिल सके। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि एक निराश्रित, विकलांग वरिष्ठ नागरिक के अधिकारों की रक्षा करते हुए शीघ्र न्याय दिलाया जाए।

