जौनपुर के संतोष सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी, शिवसेना उत्तर भारतीय संगठन मुंबई के उपाध्यक्ष बने
https://www.shirazehind.com/2026/02/blog-post_32.html
जौनपुर।।जनपद जौनपुर के लिए यह गौरव का विषय है कि नगर के गुलरघाट मोहल्ला निवासी संतोष सिंह को शिवसेना उत्तर भारतीय संगठन, मुंबई का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्हें यह जिम्मेदारी हिन्दू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे और धर्मवीर आनंद दिघे की प्रखर हिन्दुत्ववादी विचारधारा के वाहक, शिवसेना के मुख्य नेता एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आदेशानुसार प्रदान की गई है।
बालासाहेब भवन स्थित शिवसेना के मध्यवर्ती कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संतोष सिंह को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। इस अवसर पर प्रशांत पलांडे (संपर्क प्रमुख, मावल), राष्ट्रीय प्रवक्ता गुलाब चंद दुबे तथा शिवसेना उत्तर भारतीय संगठन महाराष्ट्र के कार्याध्यक्ष जय प्रकाश सिंह उपस्थित रहे।
उत्तर भारतीयों के युवा चेहरे के रूप में पहचान बना चुके संतोष सिंह की इस नियुक्ति को जौनपुर समेत पूरे उत्तर भारतीय समाज के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी नियुक्ति से मुंबई में उत्तर भारतीयों की राजनीतिक भागीदारी और संगठनात्मक मजबूती को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नियुक्ति के बाद संतोष सिंह ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, राष्ट्रीय प्रवक्ता गुलाब चंद दुबे, कार्याध्यक्ष जय प्रकाश सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। साथ ही शिवसेना की विचारधारा और हिन्दुत्व के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
जौनपुर के एक सामान्य परिवार से निकलकर महाराष्ट्र की राजनीति में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तक पहुंचने वाले संतोष सिंह की यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।

