जौनपुर की दिव्यांशी ने रचा इतिहास, जेईई मेन–II में प्रदेश टॉप कर देश में 11वीं रैंक
जौनपुर। जिले के चितौड़ी गांव की होनहार छात्रा दिव्यांशी सिंह ने जेईई मेन–II परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन किया है। दिव्यांशी ने उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 11वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
दिव्यांशी सिंह, श्रीमती अनीता सिंह एवं धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की पुत्री हैं। सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। सफलता का समाचार मिलते ही परिवार, गांव और शुभचिंतकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। लोगों ने घर पहुंचकर मिठाई खिलाई और बधाई दी।
दिव्यांशी माधोपट्टी गांव के कृष्ण कुमार सिंह ‘टूटू’ की भांजी हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया। दिव्यांशी ने कहा कि उनका लक्ष्य देश के प्रतिष्ठित संस्थान से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर तकनीकी क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देना है।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली दिव्यांशी की उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं को भी नई प्रेरणा मिली है। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने उनकी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


Badhai ho beta
जवाब देंहटाएं