“नवनिर्माण के 9 वर्ष” पुस्तक का विमोचन, जौनपुर में देखा गया सीधा प्रसारण
सीएम के संबोधन में विकास, रोजगार व महिला सुरक्षा पर जोर, जनपद की उपलब्धियां गिनाईं
जौनपुर। योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोक भवन सभागार से उत्तर प्रदेश में विकास एवं सतत समृद्धि के 9 वर्ष पूर्ण होने पर वार्षिक पुस्तक “नवनिर्माण के 9 वर्ष” का विमोचन किया। इसका सजीव प्रसारण जौनपुर कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने कार्यक्रम को देखा और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।कार्यक्रम में सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह प्रिन्सू, नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर बृजेश सिंह प्रिन्सू ने कहा कि प्रदेश में महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति व महिला हेल्पलाइन 181 जैसी योजनाओं से व्यवस्था मजबूत हुई है। पर्यटन, उद्योग और निवेश के क्षेत्र में विकास से रोजगार के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश का सकल घरेलू उत्पाद वर्ष 2016-17 के 2.96 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 6.95 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
प्रेस वार्ता के दौरान जनपद की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जौनपुर में एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी, फोरलेन सड़कें, चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के साथ नई सड़कों का जाल बिछाया गया है। जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई हैं, जहां प्रतिदिन करीब 2500 ओपीडी देखी जा रही हैं। इंदिरा गांधी स्टेडियम में सिंथेटिक रनिंग ट्रैक का निर्माण युवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 97,647 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना में 20,292 आवास स्वीकृत किए गए हैं। वृद्धावस्था, निराश्रित महिला व दिव्यांग पेंशन योजनाओं से लाखों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। उज्ज्वला योजना के तहत 4,03,934 लाभार्थियों को गैस कनेक्शन दिया गया है।
युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना व स्टार्टअप योजनाएं संचालित हैं। जनपद में 3759 लोगों को ऋण वितरित किया जा चुका है। किसान सम्मान निधि योजना के तहत 9,55,807 किसानों को लाभ मिला है।
इस मौके पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के जरिए प्रदेश सरकार की नौ वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए विकास, कल्याणकारी योजनाओं और रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया।

