मतदाता पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश, जौनपुर विधानसभा की प्रगति 94%
जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा क्षेत्र–366 जौनपुर में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी, नो मैपिंग तथा नोटिस निर्गमन सहित विभिन्न कार्यों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि एसआईआर से संबंधित कार्य जनपद में प्रगति पर है, लेकिन विधानसभा जौनपुर की प्रगति 94 प्रतिशत है, जो अन्य विधानसभा क्षेत्रों की तुलना में कम है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अनमैप्ड मतदाताओं की शत-प्रतिशत सुनवाई, साक्ष्यों का मिलान तथा लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित किया जाए।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) विधानसभा जौनपुर इंद्रनंदन सिंह, सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ), नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

