रिकॉर्ड रूम में शराब पार्टी का वीडियो वायरल, कर्मचारियों पर गिरेगी गाज
https://www.shirazehind.com/2026/03/blog-post_1.html
जौनपुर। सरकारी कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में शराब पार्टी करना चकबंदी विभाग के कुछ कर्मचारियों को अब भारी पड़ता दिखाई दे रहा है। शनिवार को विभागीय कर्मचारियों द्वारा कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में शराब पीने का मामला सामने आया, जिसका किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो सामने आते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित विभागीय अधिकारी को जांच कर दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में कर्मचारी कार्यालय परिसर के रिकॉर्ड रूम में बैठकर शराब का सेवन करते नजर आ रहे हैं। प्रथम दृष्टया यह कृत्य सरकारी सेवक आचरण नियमावली के विरुद्ध माना जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यालय की गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई तय मानी जा रही है।

