अफवाहों पर डीएम का सख्त संदेश: जौनपुर में तेल-गैस की कोई कमी नहीं
जौनपुर। जनपद में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जौनपुर में ईंधन और गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और संयम के साथ ही ईंधन का उपयोग करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 275 रिटेल आउटलेट (पेट्रोल पंप) संचालित हैं, जहां नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति की जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिन पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से तेल खत्म हुआ है, वहां भी जल्द आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर खाड़ी क्षेत्र में चल रहे ईरान-इजरायल युद्ध के कारण तेल और गैस आपूर्ति प्रभावित जरूर हुई है, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार इस स्थिति से निपटने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। ऐसे में आम जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
डीएम ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और न ही जरूरत से ज्यादा ईंधन का भंडारण करें। उन्होंने चेतावनी दी कि गाड़ी के अलावा अन्य किसी पात्र में पेट्रोल लेना खतरनाक हो सकता है, क्योंकि यह अत्यंत ज्वलनशील पदार्थ है।
उन्होंने यह भी कहा कि पेट्रोल पंपों पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आपूर्ति सुचारु रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक स्तर से सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने और संयमित व्यवहार अपनाने की अपील की है।

