केराकत में अवैध ऑपरेशन का खेल बेनकाब, वंदना पॉलीक्लिनिक सील
जौनपुर। जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ का बड़ा मामला सामने आया है। सीएमओ के निर्देश पर बुधवार को एडिशनल सीएमओ डॉ. आलोक सिंह ने केराकत कस्बे स्थित वंदना पॉलीक्लिनिक पर आकस्मिक छापा मारकर ऑपरेशन कक्ष को सील कर दिया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
बताया जाता है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी को क्लीनिक के खिलाफ लगातार गंभीर शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर जांच के आदेश दिए गए। मौके पर पहुंचे एसीएमओ ने जब जांच शुरू की तो चौंकाने वाले खुलासे सामने आए।
जांच में पाया गया कि क्लीनिक को स्वास्थ्य विभाग की ओर से केवल ओपीडी सेवाएं चलाने की अनुमति थी, लेकिन यहां खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए ऑपरेशन किए जा रहे थे। इतना ही नहीं, प्राथमिक जांच में यह भी संकेत मिले कि यहां अवैध रूप से गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी कराई जा रही थी, जो गंभीर कानूनी उल्लंघन है।
छापेमारी के दौरान जरूरी दस्तावेजों की जांच में भी कई अनियमितताएं मिलीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसीएमओ ने तत्काल प्रभाव से ऑपरेशन थिएटर को सील कर दिया और क्लीनिक से जुड़े सभी अभिलेख कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
जांच अधिकारी डॉ. आलोक सिंह ने स्पष्ट कहा कि क्लीनिक संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई है और अन्य निजी क्लीनिक संचालकों में भी हड़कंप है। स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध चिकित्सा गतिविधियां संचालित होती दिखें तो तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके।

