कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पुत्र की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
जौनपुर। जिले के लिए बेहद दुखद समाचार सामने आया है। डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी जौनपुर के ज्येष्ठ पुत्र प्रणव सिंह का पंजाब में एक सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया। इस हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
बताया जाता है कि प्रणव सिंह एक कॉलेज में होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे थे। बीते शनिवार को ईद के पर्व के चलते हॉस्टल का मेस बंद था, जिस कारण वह बाइक से होटल की ओर खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हुए सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही उनका पार्थिव शरीर सुजानगंज स्थित आवास पर पहुंचा, वहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं क्षेत्र के लोग भी इस असहनीय पीड़ा में सहभागी बनकर शोक संवेदना प्रकट करने पहुंचे। हर आंख नम थी और हर जुबां पर एक ही सवाल—इतनी कम उम्र में आखिर क्यों?
प्रणव सिंह के असमय चले जाने से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र ने एक होनहार युवा को खो दिया है। उनके मिलनसार स्वभाव और उज्ज्वल भविष्य की चर्चाएं अब यादों में बदल गई हैं।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।

