व्यापारियों का आरोप है कि करीब चार माह पहले सड़क चौड़ीकरण के नाम पर बाजार में सड़क के दोनों किनारों पर खुदाई कर दी गई लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं कराया गया। सड़क किनारे करीब 10 फीट चौड़ा और 5 फीट गहरा गड्ढा खोदकर छोड़ देने से ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। न ग्राहक आसानी से गड्ढा पार कर पा रहे हैं और न ही वाहन खड़े हो पा रहे हैं जिससे व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन का नेतृत्व व्यापार मंडल अध्यक्ष मसूद सिद्दीकी ने किया। इस दौरान ग्राम प्रधान बाबर सिद्दीकी समेत बड़ी संख्या में दुकानदार मौजूद रहे। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। व्यापारियों ने ठेकेदार पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां चौड़ीकरण की आवश्यकता नहीं है, वहां काम शुरू कर दिया गया जबकि बाजार के अंदर जरूरी स्थानों को अधूरा छोड़ दिया गया है। गड्ढों के कारण बाजार में जाम की स्थिति बन रही है जिससे ग्राहक आने से कतरा रहे हैं और व्यापार ठप होने की कगार पर पहुंच गया है। दुकानदारों का कहना है कि लगातार नुकसान के चलते उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
इस अवसर पर व्यापारी हुजैफा, डॉ0 अशोक कुमार, एहतेशाम, सुनील, मेवा लाल, मो0 फैसल, मो0 हासिम, चुन्ना, संत लाल, शमीम अहमद, सुरेश कुमार, नेसार अहमद, भोला सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
इं. प्रशांत मौर्या ने बताया कि गुरैनी बाजार में पहले से पुराना नाला था। सड़क चौड़ीकरण के तहत नए नाले का निर्माण कराया जा रहा है। जलजमाव की समस्या के कारण मिट्टी डालने का कार्य किया जा रहा है और जल्द ही काम पूरा कर समस्या का समाधान कर दिया जायेगा।