रमजान की बरकतों के बीच इफ्तार में गूंजा अमन और मोहब्बत का पैगाम

 

जौनपुर। नगर के बेगमगंज स्थित मदरसा जामिया इमाम जाफर सादिक में पवित्र माह-ए-रमजान के अवसर पर 17 रमजान को शिया धर्मगुरु मौलाना सफदर हुसैन जैदी की ओर से भव्य रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए सभी मजहब और मिल्लत के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और एक साथ रोजा इफ्तार कर आपसी भाईचारे, प्रेम और एकता का संदेश दिया।

इफ्तार कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह से आध्यात्मिक और सौहार्दपूर्ण रहा। इफ्तार से पहले आयोजित मजलिस को संबोधित करते हुए मौलाना डॉ. काजिम मेंहदी उरूज ने कहा कि पैगम्बर-ए-इस्लाम हज़रत मुहम्मद साहब का संदेश पूरी मानवता के लिए अमन, मोहब्बत और शांति का पैगाम है। उन्होंने कहा कि रमजान का महीना बरकतों और रहमतों का महीना है, जिसमें इंसान को अपने अंदर की बुराइयों को दूर कर अच्छे कार्यों की ओर बढ़ना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि रोजा इंसान को सब्र, परहेज़गारी और इंसानियत का पाठ पढ़ाता है। यह महीना हमें गरीबों, जरूरतमंदों और बेसहारा लोगों की मदद करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के आयोजक मौलाना सफदर हुसैन जैदी ने कहा कि माह-ए-रमजान में अल्लाह तआला नेकियों का सवाब कई गुना बढ़ा देता है। उन्होंने कहा कि रोजा केवल भूखा-प्यासा रहने का नाम नहीं बल्कि यह इंसान को हमदर्दी, इंसानियत और दूसरों की तकलीफ को समझने की सीख देता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस पाक महीने में अपने गुनाहों की तौबा करें, ज्यादा से ज्यादा इबादत करें और गरीबों व जरूरतमंदों की मदद करें।

इफ्तार से पहले शिया समुदाय की नमाज मौलाना सफदर हुसैन जैदी ने अदा कराई, जबकि सुन्नी समुदाय की नमाज हज़रत अबुल खैर ने पढ़ाई। इसके बाद देश और कौम की तरक्की, अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई।

इस मौके पर मौलाना हसन मेंहदी, मौलाना रज़ा अब्बास कहना, मौलाना ज़फर खान, लाल मोहम्मद राईन, मोहम्मद मुस्तफा शम्शी, सभासद शहनवाज़ मंज़ूर, अलमास सिद्दीकी, शहनवाज़ अहमद, शकील मंसूरी, सपा महासचिव आरिफ हबीब, मोहम्मद अब्बास समर, माजिद खान, मेराज अहमद राईन, हसनैन कमर दीपू, सैय्यद हसन मेहदी, ज़ैगम अब्बास, अनुज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में आरिफ हुसैनी ने सभी मेहमानों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता को मजबूत करने का काम करते हैं।

Related

JAUNPUR 3977714452319186479

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item