धुंध और बादलों की मौजूदगी से सूरज की चटख हुई मध्यम
https://www.shirazehind.com/2026/03/blog-post_83.html
जौनपुर। पिछले सात आठ दिनों से जनपद में सुबह का आगाज सूरज की तेज किरणों के साथ हो रहा था और दिन चढ़ने पर लोगों को पर्याप्त गर्मी महसूस होने लग रही थी लेकिन मंगलवार को जनपद में मौसम अचानक बदल गया सुबह धुंध छाई रही जिस कारण दृश्यता थोड़ी कम रही। मछलीशहर वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग तथा मछलीशहर -रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गाड़ियां सुबह लाइट जलाकर चल रही थीं।करीब आठ बजे तक सड़कों पर गाड़ियों की गति धीमी रही। सुबह बोर्ड परीक्षा देने जाते समय बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को लेकर जा रहे अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।दिन चढ़ने पर धुंध कम तो हुई लेकिन पूरे दिन इसका हल्का असर बना रहा।इस बीच सुबह से ही आसमान में बादलों की मौजूदगी बनी रही जिस कारण सूरज की किरणें भी मध्यम बनी रही जिस कारण मौसम अन्य दिनों की तुलना में कम गर्म रहा। धुंध और बादलों के कारण सूर्यदेव हल्की लालिमा में ही दिखे। मौसम में आये इस अचानक बदलाव से किसान सरसों की पकी फसल तथा आम के बौर को लेकर चिंतित दिखे।
चूंकि मार्च का महीना संक्रमण का महीना होता है। सामान्यतया दिन में तेज धूप से जमीन गर्म हो जाती है जबकि रात में मौसम हल्का ठंडा होने पर नमी जलवाष्प में बदल जाती है तापमान और आर्द्रता का यही मिश्रण कभी- कभी सुबह हल्की धुंध के रूप में दिखाई दे जाता है।

