44 डिग्री की तपिश में छोटा सा पान दुकानदार बना फरिश्ता, राहगीरों को पिला रहा ठंडा पानी
जौनपुर। जिले में तापमान का पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचते ही भीषण गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों के बीच लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं, वहीं जरूरी काम से बाहर निकलने वाले राहगीरों के लिए यह मौसम किसी परीक्षा से कम नहीं है।
ऐसे कठिन समय में जहां आमतौर पर शासन-प्रशासन और नगर निकायों से राहगीरों के लिए पेयजल की व्यवस्था की अपेक्षा की जाती है, वहीं इस जिम्मेदारी को एक छोटे से पान दुकानदार ने अपने कंधों पर उठा लिया है।
नगर के टीडी कॉलेज रोड पर अनुपम जलपान के बगल में स्थित ‘शांता ताबुल भंडार’ के प्रोपराइटर राकेश चौरसिया इन दिनों लोगों के लिए राहत का बड़ा जरिया बने हुए हैं। उन्होंने अपनी दुकान के सामने राहगीरों के लिए नि:शुल्क ठंडे पानी के साथ गुड़-बताशा की व्यवस्था कर रखी है।
दोपहर की तपती गर्मी में जब राहगीर प्यास से बेहाल होकर गुजरते हैं, तो यहां रुककर ठंडा पानी पीते हैं और गुड़-बताशा खाकर खुद को तरोताजा महसूस करते हैं। यह छोटा सा प्रयास न केवल लोगों की प्यास बुझा रहा है, बल्कि इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल भी पेश कर रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां एक ओर गर्मी से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं, वहीं राकेश चौरसिया का यह कदम सराहनीय है। उनका मानना है कि ऐसे नेक कार्यों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और दूसरों को भी आगे बढ़कर मदद करने की प्रेरणा मिलती है।
भीषण गर्मी के इस दौर में ‘शांता ताबुल भंडार’ की यह पहल राहगीरों के लिए किसी राहत शिविर से कम नहीं है, जो यह साबित करती है कि सेवा का जज्बा बड़ा हो तो छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं।


बहुत ही अच्छा
जवाब देंहटाएं