भाजपा स्थापना दिवस की तैयारी तेज, जिला कार्यालय में कार्यशाला आयोजित
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में आगामी 6 अप्रैल को होने वाले स्थापना दिवस कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम में काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यशाला की शुरुआत संगठन गीत के साथ हुई, इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
मुख्य अतिथि अशोक चौरसिया ने कहा कि सदस्यता के आधार पर भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के सभी बूथों और मंडलों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों को भी सम्मान मिलेगा।
उन्होंने कार्यशाला को संगठन को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, सेवा और समर्पण की विचारधारा है। पार्टी की ऊंचाइयों के पीछे लाखों कार्यकर्ताओं का त्याग और समर्पण है।
जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संकल्प का दिन है। सभी कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में योगदान दें।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं संयोजक अजय सिंह ने किया।
इस अवसर पर एमएलसी ब्रजेश सिंह ‘प्रिंसू’, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय, अमित श्रीवास्तव, पीयूष गुप्ता, सुधाकर उपाध्याय, गीता बिंद, संतोष सिंह, राकेश वर्मा, सुनील यादव, राजू दादा, राज पटेल, आमोद सिंह, नरेंद्र उपाध्याय, रागिनी सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

