मन्दिर में स्थापित नन्दी प्रतिमा खंडित, क्षेत्र में भड़का आक्रोश
https://www.shirazehind.com/2026/04/blog-post_66.html
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय कस्बे के स्टेशन गली स्थित प्राचीन मुंडवर खानी मन्दिर परिसर में अराजक तत्वों द्वारा भगवान शिव के वाहन नंदी की प्रतिमा खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में रोष और चिंता का माहौल व्याप्त हो गया है। लोगों ने इसे आस्था के साथ खिलवाड़ बताते हुये दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है।बताया जा रहा है कि शनिवार को मन्दिर परिसर में शाम पूजा-अर्चना के लिये पहुंचे लोगों ने नंदी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त अवस्था में देखा। यह देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घटना की जानकारी तेजी से पूरे क्षेत्र में फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कृत्य किसी अराजक तत्व द्वारा जानबूझकर किया गया है जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जाँच में जुट गई है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सभासद प्रतिनिधि अनिल प्रजापति ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाती हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित करती हैं। वहीं लोगों का कहना है कि यह केवल एक प्रतिमा का नुकसान नहीं, बल्कि आस्था पर सीधा प्रहार है जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि मन्दिर की महिला पुजारी माला देवी ने बताया कि प्रतिमा पहले से टूटी थी। नवरात्रि में बदला जाना था लेकिन हो नहीं सका। कोई फेमस होने के लिए फ़ोटो वीडियों बनाकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैला दिया। ऐसे लोगों को चिन्हित कर कड़ी कार्यवाई की जायेगी।

