कोई बच्चा न रहे शिक्षा से वंचित: जगदीश नारायण राय
जौनपुर। सरकार की मंशानुरूप नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर धर्मापुर क्षेत्र के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय कबीरुद्दीनपुर में ‘स्कूल चलो अभियान’ की शुरुआत उत्साहपूर्वक की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक जगदीश नारायण राय एवं खंड शिक्षा अधिकारी राजेश वैश्य ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस अवसर पर विधायक जगदीश नारायण राय ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार है और नियमित रूप से विद्यालय आकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ग्रहण करना ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराएं और उन्हें नियमित विद्यालय भेजें।
खंड शिक्षा अधिकारी राजेश वैश्य ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 6 में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया गया, वहीं कक्षा 8 उत्तीर्ण छात्रों को अंकपत्र वितरित कर भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम के उपरांत विधायक सहित अन्य अतिथियों ने गांव में भ्रमण कर अभिभावकों को बच्चों का नामांकन कराने के लिए जागरूक किया। इस मौके पर शिक्षक महेंद्र यादव, पद्माकर राय, मीरा यादव, प्रज्ञा, आनंद सिंह, विजय कुमार, गोमती, हीरावती, उर्मिला देवी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक अचल हरीमूर्ति ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

