एम.सी.सी. स्कूल बदलापुर में स्वास्थ्य शिविर, बच्चों का हुआ नि:शुल्क परीक्षण
बदलापुर, जौनपुर। बदलापुर स्थित एम.सी.सी. स्कूल में शुक्रवार को स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में नेत्र विशेषज्ञ डॉ. देवेंद्र कुमार यादव (एम्स, नई दिल्ली) एवं दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र यादव ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को आंखों एवं दांतों की देखभाल के संबंध में आवश्यक जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
शिविर में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चिकित्सकों द्वारा दिए गए सुझावों से अभिभावक भी लाभान्वित हुए और उन्होंने ऐसे आयोजनों की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधक शशि यादव, अनिल यादव, प्रधानाचार्य (हेड ब्रांच) आस्था जायसवाल, प्रधानाचार्य (सरोखनपुर) सच्चिदानंद यादव सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
अंत में उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने उपस्थित चिकित्सकों, अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार जताया। विद्यालय प्रबंधन ने इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

