जौनपुर में आग का कहर: मड़हे जलकर राख, पशुओं की मौत, कई परिवार प्रभावित
जौनपुर। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लगी आग की घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में भारी तबाही मचाई। कहीं शॉर्ट सर्किट तो कहीं अज्ञात कारणों से लगी आग ने रिहायशी मड़हों, गृहस्थी के सामान और पशुओं को अपनी चपेट में ले लिया। इन घटनाओं में कई परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
जफराबाद के जैतपुर गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
सिरकोनी क्षेत्र के जफराबाद थाना अंतर्गत जैतपुर गांव में बीती शाम इलेक्ट्रिक वायर के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की चिंगारी सबसे पहले गांव निवासी जोखई चौहान के मड़हे में उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग ने उनके एक अन्य मड़हे को भी अपनी चपेट में ले लिया, जहां बंधी चार बकरियां जलकर मर गईं।
आग यहीं नहीं रुकी और फैलते हुए जोखई चौहान के भाई बलवंत चौहान (बीडीसी) के दो मड़हों तथा पड़ोसी धर्मेंद्र चौहान के एक मड़हे को भी जलाकर राख कर दिया। इस हादसे में तीनों परिवारों की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका, अन्यथा नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान रमेश चंद्र जायसवाल मौके पर पहुंचे और लेखपाल को जानकारी देकर पीड़ितों को सरकारी सहायता दिलाने की पहल की।
सुइथाकला के अमारी गांव में भीषण आग, पशुओं की मौत
वहीं, सुइथाकला विकासखंड के अमारी गांव में गुरुवार सुबह अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। आग राकेश गुप्ता के घर के पास स्थित छप्पर में लगी, जिसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका। कुछ ही देर में आग ने पास की पशुशाला और घर के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में दो भैंसें गंभीर रूप से झुलस गईं, जबकि एक पड़वा की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। आग से घर में रखी चारपाई, बिस्तर, कपड़े समेत अन्य सामान भी जलकर राख हो गया, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते आग नहीं बुझती तो आसपास के अन्य घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। ग्राम प्रधान मोनू ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शासन से मदद दिलाने का भरोसा दिलाया।
लगातार हो रही आग की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग प्रशासन से त्वरित सहायता और आग से बचाव के स्थायी उपायों की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

