सेहरा सजा, मगर शहनाई से पहले गूंज गई गोलियों की आवाज… दूल्हे की हत्या से जौनपुर दहला

 

जौनपुर। जिले में एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। शादी रचाने जा रहे दूल्हे की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव की है, जहां सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी आजाद बिंद पुत्र राम लखन बिंद अपनी बारात लेकर जा रहे थे। परिवार और रिश्तेदार खुशी के माहौल में बारात की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदल जाएगी।

बताया जा रहा है कि बारात जैसे ही बीबीपुर के पास पहुंची, तभी अपाची बाइक सवार नकाबपोश बदमाश अचानक वहां पहुंचे। बिना कुछ कहे उन्होंने दूल्हे आजाद बिंद को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली लगते ही दूल्हा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए, जबकि परिजन और बाराती आनन-फानन में घायल दूल्हे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा बदमाशों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर से बारात निकलनी थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है।

Related

JAUNPUR 452150862461267425

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item