प्रसव के दौरान नवजात की मौत पर फूटा गुस्सा, परिजनों का हंगामा

एक दिन के अंतराल पर दूसरी घटना से मचा हड़कंप, अस्पताल सीज

मछलीशहर। नगर के मड़ियाहूं रोड स्थित जीवन रक्षा हॉस्पिटल में शुक्रवार को प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान अस्पताल का स्टाफ और चिकित्सक मौके से गायब मिले, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सीज कर दिया।

बताया गया कि सुजानगंज थाना क्षेत्र के बेरमांव निवासी विनोद पटेल अपनी गर्भवती पत्नी अंजू (26) को प्रसव के लिए पत्नी की ससुराल टटेहरा गांव से लेकर आए थे। पहले वह मिर्जापुर नहर के पास रहने वाली नर्स पुष्पा के पास पहुंचे। वहां नर्स ने गर्भस्थ शिशु के उल्टा होने की बात कहकर उन्हें जीवन रक्षा हॉस्पिटल ले आई।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद सीजर के लिए कोई सर्जन उपलब्ध नहीं था। इसके बावजूद अस्पताल कर्मियों ने सामान्य प्रसव कराने का प्रयास शुरू कर दिया। इसी दौरान गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विवाह के छह वर्ष बाद यह संतान होने वाली थी, ऐसे में नवजात की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।

स्थानीय लोगों के अनुसार नगर में संचालित कई निजी अस्पतालों की नियमित जांच नहीं होती, जिसके चलते आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। लोगों ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

अस्पताल सीज, जांच शुरू

मछलीशहर सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रसूता को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जांच के दौरान अस्पताल का स्टाफ मौके पर मौजूद नहीं मिला। प्रथम दृष्टया अनियमितता पाए जाने पर अस्पताल को सीज कर दिया गया है। मामले की जांच कर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।

प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी

मछलीशहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि मृत नवजात के पिता विनोद पटेल की ओर से तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर अस्पताल संचालक और संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि नगर में एक दिन के अंतराल पर प्रसव के दौरान मौत की यह दूसरी घटना है। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related

डाक्टर 3015200300450111195

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item