शिराज-ए-हिंद की खबर का बड़ा असर: गैस एजेंसी को डीएसओ का नोटिस, जांच में मिली भारी अनियमितताएं
![]() |
| फाइल फोटो, रात में गैस एजेंसी के सामने की |
जौनपुर। जनपद में घरेलू गैस संकट को लेकर प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। सोशल मीडिया पोर्टल शिराज ए हिंद डॉट कॉम द्वारा बुधवार को “गैस संकट गहराया, सिलेंडर के लिए रात भर खड़े रहने को मजबूर ग्रामीण” शीर्षक से प्रकाशित समाचार को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया। मामले का संज्ञान लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने जांच कराई तो गैस एजेंसी के संचालन में कई गंभीर खामियां सामने आईं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि खबर में विकासखंड सिरकोनी के परियावां स्थित सावित्री एचपी ग्रामीण गैस वितरक एजेंसी पर उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़ा रहने और कई लोगों के खाली हाथ लौटने की बात प्रकाशित की गई थी। शिकायतों की पुष्टि के लिए एचपी गैस के विक्रय प्रबंधक से रिपोर्ट मांगी गई, जिसमें एजेंसी संचालन में अनियमितताएं पाए जाने की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि एजेंसी के प्रारंभिक स्टॉक और उपलब्ध स्टॉक में भारी अंतर पाया गया है। साथ ही गैस सिलेंडर डिलीवरी के बाद प्रतिदिन डीएससी और ओटीपी अंकित करने का कार्य नियमित रूप से नहीं किया जा रहा था, जिसके कारण ऑनलाइन और ऑफलाइन स्टॉक में भी बड़ा अंतर सामने आया।
रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ कि एजेंसी द्वारा 15 मई के बाद से कोई नया गैस लोड नहीं उठाया गया, जबकि एजेंसी स्तर पर 1722 उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग डिलीवरी के लिए लंबित पाई गई। इससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले को गंभीर मानते हुए जिला पूर्ति अधिकारी ने विकासखंड सिरकोनी अंतर्गत मेसर्स सावित्री एचपी ग्रामीण गैस वितरक, परियावां को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एजेंसी संचालक को निर्देश दिया गया है कि वह 21 मई 2026 को अपराह्न 12 बजे तक सभी बिंदुओं पर अपनी स्थिति स्पष्ट करें। चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच गैस सिलेंडर के लिए रातभर लाइन में लगना मजबूरी बन गया था। अब प्रशासन की कार्रवाई से उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
गैस संकट गहराया, सिलेंडर के लिए रातभर लाइन में खड़े रहने को मजबूर ग्रामीण
गैस संकट गहराया, सिलेंडर के लिए रातभर लाइन में खड़े रहने को मजबूर ग्रामीण
https://www.shirazehind.com/2026/05/blog-post_796.html

