डीएम ने लेखपाल भर्ती परीक्षा का किया निरीक्षण
https://www.shirazehind.com/2026/05/blog-post_436.html
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने लेखपाल भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराए जाने के दृष्टिगत तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज, विधि महाविद्यालय पीली कोठी एवं जीजीआईसी इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे की क्रियाशीलता, पेयजल, विद्युत, शौचालय तथा अभ्यर्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त किया। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि आयोग के गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा को सम्पादित करायें। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अनियमितता न होने पाये तथा शासन की मंशानुरूप परीक्षा को शान्तिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न कराया जाय। इस दौरान बताया गया कि परीक्षा में कुल अभ्यर्थी 9696 में से 7802 उपस्थित रहे जबकि 1894 अनुपस्थित रहे। इस अवसर पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण एवं केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

