चार्ज लेते ही ‘एक्शन मोड’ में नए डीएम: कलेक्ट्रेट से अस्पताल तक ताबड़तोड़ निरीक्षण, विभागों में मचा हड़कंप
डीएम की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से सरकारी महकमे में हलचल तेज हो गई है। कलेक्ट्रेट निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित मामलों और जनसुनवाई से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
इसके बाद जिला अस्पताल के निरीक्षण में उन्होंने ओपीडी व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की मौजूदगी और पोषण पुनर्वास केंद्र का जायजा लिया। मरीजों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और साफ-सफाई, समय पर इलाज व जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बढ़ती गर्मी को देखते हुए हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
डीएम के लगातार निरीक्षण और सख्त रुख से अधिकारियों-कर्मचारियों में सतर्कता बढ़ गई है। विभागों में फाइलों की रफ्तार तेज करने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गई है। साफ संकेत है कि लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी और प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए सख्त कदम जारी रहेंगे।

