“सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” से गूंजे स्कूल, बीएसए ने किया औचक निरीक्षण, बच्चों में दिखा राष्ट्रगौरव का उत्साह
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन पहुंचकर कार्यक्रमों का अवलोकन किया। यहां छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ निबंध लेखन, चित्रकला, नृत्य प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं ध्यान-साधना जैसी गतिविधियों में हिस्सा लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्रगौरव की झलक साफ दिखाई दी।
विद्यालय में डिजिटल माध्यम से विद्यार्थियों को सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास, उसके पुनर्निर्माण और भारतीय संस्कृति से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी गई। बच्चों ने रुचिपूर्वक ऐतिहासिक जानकारियों को समझा और कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रधानाध्यापिका के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सहायक अध्यापकों एवं विद्यालय स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के नैतिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय मूल्यों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया गया।

