नवजात की मौत के बाद हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग, तीन अस्पतालों पर लटका ताला
मछलीशहर, जौनपुर। प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मौत के मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार देर रात स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में छापेमारी कर तीन अस्पतालों के संचालन पर रोक लगा दी। आवश्यक वैध दस्तावेज न दिखा पाने पर अस्पतालों को सीलनुमा कार्रवाई करते हुए ताला बंद करा दिया गया।
जानकारी के अनुसार बरईपार रोड स्थित मीरा पॉली क्लिनिक और बालाजी पॉली क्लिनिक के साथ प्रयागराज रोड स्थित कमला हॉस्पिटल की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की। जांच के दौरान अस्पताल प्रबंधन से पंजीकरण एवं संचालन संबंधी आवश्यक अभिलेख मांगे गए, लेकिन मौके पर मौजूद कर्मचारी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
नवजात की मौत के बाद हुई इस कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया। देर रात तक चली जांच के दौरान भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय सिंह ने बताया कि संबंधित अस्पताल संचालकों ने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए दो दिन का समय मांगा है। फिलहाल तीनों अस्पतालों के संचालन पर रोक लगा दी गई है और उन्हें बंद करा दिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर अस्पताल संचालक वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर पाए तो उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ बड़े अभियान की शुरुआत माना जा रहा है।
नवजात मौत प्रकरण के बाद स्वास्थ्य विभाग की इस सख्ती से क्षेत्र के अन्य निजी अस्पतालों और क्लीनिक संचालकों में भी खलबली मच गई है।

