जौनपुर में विधिक माप विज्ञान विभाग का छापा, ओवरचार्जिंग पर कार्रवाई, कई दुकानदारों पर गिरी गाज
जौनपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को विधिक माप विज्ञान विभाग ने जिले में सघन जांच अभियान चलाते हुए दुकानों और पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान ओवरचार्जिंग और बिना सत्यापित बांट-माप के इस्तेमाल के मामलों में कई दुकानदारों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान अजय कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जिले में 15 दुकानों और एक पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया। जांच के दौरान चौकिया स्थित मे० माँ शीतला स्वीट्स एंड कोल्डड्रिंक्स पर स्प्राइट की 740 मिली बोतल निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचे जाने का मामला पकड़ा गया। वहीं करंजाकला बाजार स्थित मे० काजल कोल्डड्रिंक्स स्टोर पर एक लीटर थम्प्स अप की बिक्री में ओवरचार्जिंग पाए जाने पर विभाग ने कार्रवाई की।
इसके अलावा मोलनापुर छबीलेपुर क्षेत्र में धीरज किराना स्टोर, राहुल पुत्र राजेंद्र (बर्तन विक्रेता) तथा अवधेश मौर्या (खाद-बीज विक्रेता) के यहां उपयोग किए जा रहे बांट और माप नियमानुसार सत्यापित नहीं पाए गए। इस पर विधिक माप विज्ञान अधिनियम-2009 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया कि किसी भी वस्तु की बिक्री अंकित मूल्य से अधिक पर न की जाए तथा सभी बांट-माप का समय से सत्यापन और मुद्रांकन कराना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
विभाग की इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप की स्थिति रही।

