14 जून को 18 केंद्रों पर होगी प्रवक्ता परीक्षा, 8375 अभ्यर्थी होंगे शामिल
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से पूर्व अपने आवंटित केंद्रों का निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, लोक सेवा आयोग के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

