विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर पौधरोपण का संकल्प
खुटहन (जौनपुर)। विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर मैग्ज वेलफेयर फाउंडेशन तिघरा, खुटहन की ओर से एसएसआरएम इंस्टीट्यूट परिसर में पर्यावरण संरक्षण विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण की वर्तमान स्थिति, बढ़ते प्रदूषण और भविष्य में पर्यावरण संरक्षण की संभावनाओं एवं उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऑफिस इंचार्ज सुप्रिया सिंह ने कहा कि पेड़-पौधे जीवन का आधार हैं। वृक्षों से हमें फल, फूल, छाया और लकड़ी प्राप्त होती है। साथ ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की।
फैकल्टी सदस्य दीपांजलि यादव ने छात्रों एवं उपस्थित लोगों से अपने-अपने गांव और घरों से पर्यावरण संरक्षण अभियान शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा स्वयं लगाए और अपने एक पड़ोसी को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित करे।
फैकल्टी राम नारायण पाल ने भी घर जाकर एक पौधा स्वयं लगाने तथा एक पौधा अपने पड़ोसी से लगवाने का संकल्प लिया। वहीं वंदना पाल, फातिमा और राजनाथ यादव ने अपने साथ-साथ दो-दो पड़ोसियों के घर भी पौधे लगाने का प्रण लिया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के निदेशक सैयद मोहसिन रजा ने सभी उपस्थित लोगों को अपने संकल्पों को पूरा करने की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वयं कम से कम 25 पौधे लगाने का संकल्प लेते हुए कहा कि बढ़ते वायु और ध्वनि प्रदूषण, वाहनों के धुएं, एयर कंडीशनरों के बढ़ते उपयोग तथा पराली जलाने जैसी गतिविधियों से पर्यावरण लगातार प्रभावित हो रहा है। दिल्ली जैसे महानगरों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक स्थिति में पहुंच चुका है। इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाना है।
उन्होंने सभी लोगों से स्वयं पौधरोपण करने के साथ-साथ अपने परिजनों, मित्रों और परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
इस अवसर पर मुस्कान, निशा, रहनुमा, स्वाति, जूही, अनिशा, सीमा, विशाल, रीतीष, ऑन मोहम्मद, सुभाष, प्रियंका पाल, गरिमा सिंह, श्वेता, अंजलि, ममता यादव, अमृता, शिवांगी, विकास यादव और मोहम्मद अशरफ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं संस्थान के सदस्य उपस्थित रहे।

