28 जून से शुरू होगा सघन पल्स पोलियो अभियान, 6 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सघन पल्स पोलियो अभियान-2026 के सफल एवं प्रभावी संचालन को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ 28 जून (रविवार) को पोलियो बूथों पर बच्चों को खुराक पिलाकर किया जाएगा। अभियान के प्रथम दिन जनपद के सभी बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 जून से 3 जुलाई तक आशा, आंगनबाड़ी एवं एएनएम कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को खुराक दी जाएगी, जबकि 5 जुलाई को बी-टीम गतिविधि संचालित होगी।

बैठक में बताया गया कि अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद में 1,866 पोलियो बूथ, 1,242 घर-घर भ्रमण टीमें, 105 ट्रांजिट टीमें तथा 52 विशेष टीमें गठित की गई हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, प्रमुख चौराहों एवं ईंट-भट्टों जैसे संवेदनशील स्थलों पर विशेष टीमें तैनात रहेंगी। अभियान के तहत 6,06,187 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने तथा 7,65,825 घरों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी आशा, आंगनबाड़ी एवं एएनएम कार्यकर्ताओं का ब्लॉकवार प्रशिक्षण समय से पूरा कराया जाए तथा गंभीर रूप से बीमार बच्चों के संबंध में चिकित्सकीय दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर एवं बक्शा के चिकित्सा अधीक्षकों (एमओआईसी) का एक दिन का वेतन बाधित करने तथा उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों एवं चिकित्सा अधीक्षकों की संयुक्त टीम गठित कर अपने-अपने क्षेत्रों में अपंजीकृत एवं अवैध चिकित्सालयों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाने तथा आवश्यक कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा एनसीसी कैंपों, शैक्षणिक संस्थानों, क्षेत्रीय स्वास्थ्य कर्मियों, सोशल मीडिया तथा पंपलेटों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी खुराक से वंचित न रह सके।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सभी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक तथा विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related

JAUNPUR 998798934361489729

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item