34वें स्थापना दिवस पर मेधावियों का सम्मान, साइकिल व घड़ी देकर बढ़ाया उत्साह
सिकरारा, जौनपुर। क्षेत्र के भभौरी स्थित माता प्रसाद आदर्श शिक्षण संस्थान का 34वां स्थापना दिवस सोमवार को धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू ने पीजी कक्षाओं से लेकर प्ले-ग्रुप तक के विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए। बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की छात्राएं दिव्यांशी यादव और शानू सिंह को साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा 9 और 11 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली आर्या पाठक एवं उज्ज्वल सिंह को भी साइकिल देकर पुरस्कृत किया गया।
जूनियर कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को घड़ी भेंट की गई। स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को साइकिल तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को घड़ी प्रदान की गई। बीसीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा प्रज्ञा तिवारी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष रूप से साइकिल देकर सम्मानित किया गया।
स्वागत भाषण में संस्थान के प्रबंधक प्रो. समर बहादुर सिंह ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट परिणाम हासिल कर संस्थान और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। मुख्य अतिथि बृजेश सिंह प्रिंसू ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
विशिष्ट अतिथि एवं लोक सेवा आयोग उत्तर प्रदेश के पूर्व सदस्य प्रो. आर.एन. त्रिपाठी ने कहा कि सम्मान समारोह छात्रों में आत्मविश्वास और जागरूकता का संचार करते हैं। वहीं राज कॉलेज जौनपुर के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. लाल साहब यादव ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्र-छात्राओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
संस्थान के संचालक डॉ. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि इस वर्ष प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 10 छात्र-छात्राओं को साइकिल तथा द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 90 विद्यार्थियों को घड़ी पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव ने की तथा संचालन दीपक सिंह चंदेल ने किया। समारोह में रामपाल सिंह, हृदय नारायण सिंह, दिनेश उपाध्याय, जितेंद्र उपाध्याय, डॉ. तिलक राज सिंह, डॉ. सीमा सिंह, डॉ. आनंद सिंह, डॉ. अनुज प्रताप सिंह, विजय प्रताप सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

