सम्पूर्ण समाधान दिवस में 428 शिकायतें पहुंचीं, डीएम ने भूमि विवाद और अतिक्रमण मामलों पर दिखाई सख्ती
जौनपुर। तहसील केराकत सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। डीएम ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में सबसे अधिक भूमि विवाद, पैमाइश और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। ग्राम हुरहुरी निवासी रामअसरे मौर्य ने भूमि की पैमाइश कराकर अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। शिकायतकर्ता का आरोप था कि सहखातेदार द्वारा भूमि पर कब्जा कर निर्माण करा लिया गया है और कई बार आवेदन देने के बावजूद पैमाइश नहीं कराई जा रही है। मामले को गंभीर मानते हुए डीएम ने उपजिलाधिकारी केराकत को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वहीं ग्राम तरियारी निवासी सुरेन्द्र विश्वकर्मा ने सरकारी चकमार्ग पर हुए अतिक्रमण को हटवाने और सीमांकन कराकर मार्ग निर्माण कराने की मांग उठाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि अवैध कब्जे के कारण ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी केराकत को टीम गठित कर जांच कराने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 428 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 30 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बरती जाए तथा अनावश्यक विलंब न होने पाए। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर जांच करने तथा भूमि संबंधी विवादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा न्यायालयों के आदेशों के समयबद्ध अनुपालन पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को शिकायतों के प्रभावी और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, उपजिलाधिकारी केराकत, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

