करंट की चपेट में आने से युवक की मौत
https://www.shirazehind.com/2026/06/blog-post_111.html
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के सिरकोनी गड़हर गांव में सोमवार सुबह एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गड़हर निवासी लव यादव (पुत्र भोलानाथ यादव) सोमवार सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में सिंचाई के लिए लगे मोटर पंप को चालू करने गए थे। इसी दौरान स्विच ऑन करते समय स्टार्टर में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की जानकारी होते ही ग्रामीण और परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान दोपहर में उनकी मृत्यु हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जलालपुर थाना प्रभारी प्रशांत सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है।
युवक की असमय मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

