गांधी की मूर्ति चोरी, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
महराजगंज (जौनपुर)। स्थानीय क्षेत्र के गांधीनगर बाजार से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की ऐतिहासिक प्रतिमा चोरी होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वर्ष 1985 में स्थापित यह प्रतिमा रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गई है। घटना के एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं, जिससे क्षेत्रीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने साफ चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर प्रतिमा बरामद कर पुनः स्थापित नहीं की गई तो व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार गांधीनगर बाजार स्थित राजा बाजार मार्ग पर मीरापुर शिरोमणि ग्राम पंचायत में गांधी विचार मंच के तत्वावधान में वर्ष 1985 में महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। उस समय मंच के अध्यक्ष चंद्र प्रताप सिंह थे। प्रतिमा का अनावरण गांधी जयंती के अवसर पर तत्कालीन सामुदायिक ग्राम विकास एवं पंचायती राज मंत्री स्वर्गीय श्याम सूरत उपाध्याय ने किया था। प्रतिमा स्थापना के बाद यह स्थान इतना चर्चित हुआ कि पूरे इलाके को ही "गांधीनगर" के नाम से पहचान मिलने लगी।
गांधी विचार मंच के तत्कालीन अध्यक्ष चंद्र प्रताप सिंह के पुत्र बालेंदू प्रताप सिंह ने बताया कि 5 मई की रात अज्ञात चोरों ने प्रतिमा को उखाड़कर चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, प्रतिमा के चबूतरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना की जानकारी होने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। उन्होंने 7 मई को मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और लगभग एक सप्ताह पूर्व मौके पर पहुंचकर छानबीन भी की, लेकिन अब तक प्रतिमा का कोई सुराग नहीं लग सका है। इससे लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद सिंह ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि यह केवल एक प्रतिमा की चोरी नहीं, बल्कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों और सम्मान पर हमला है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन एक सप्ताह के भीतर प्रतिमा बरामद कर पुनः स्थापित नहीं कराता है तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उधर, महराजगंज थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर काम कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
गांधी जी की प्रतिमा चोरी होने की इस घटना ने पूरे क्षेत्र में चर्चा और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। अब लोगों की निगाहें पुलिस जांच और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

