सांकेतिक बोर्ड न होने से अंधे मोड़ पर पलटी स्कॉर्पियो, चालक समेत तीन घायल
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जमुहाई गांव के पास बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अंधे मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का शीशा तोड़कर सभी घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र स्थित मुक्तिगंज निवासी राजकमल गौतम अपनी निजी स्कॉर्पियो से जौनपुर के मल्हनी क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। बुधवार रात समारोह से लौटते समय सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जमुहाई गांव के पास सड़क पर बने अंधे मोड़ पर उनकी स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना स्थल पर अंधा मोड़ होने के बावजूद कोई सांकेतिक बोर्ड, रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेतक नहीं लगाया गया है। रात के समय वाहन चालकों को मोड़ का सही अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे यहां अक्सर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद वाहन का शीशा तोड़कर चालक राजकमल गौतम समेत अन्य घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को मामूली चोटें आई थीं, जिनका उपचार स्थानीय निजी चिकित्सक के यहां कराया गया।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को परिजन अपने साथ घर ले गए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अंधे मोड़ पर चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

