समाजसेवी रमाशंकर पाठक का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
जफराबाद। सिरकोनी विकास खंड क्षेत्र के वीरभानपुर गांव निवासी वरिष्ठ समाजसेवी रमाशंकर पाठक (75 वर्ष) का शनिवार की रात निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही रविवार को उनके आवास पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा।
बताया जाता है कि श्री पाठक पिछले कुछ दिनों से सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और उनका उपचार चल रहा था। शनिवार रात अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें शहर के एक निजी चिकित्सालय ले गए। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उनका अंतिम संस्कार वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया गया, जहां उनके बड़े पुत्र प्रमोद पाठक ने मुखाग्नि दी।
श्री पाठक के निधन पर नेहरूनगर पंचायत भवन में शशिकांत पाठक की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित की गई। वक्ताओं ने उन्हें सरल, मिलनसार एवं गरीबों की मदद करने वाले समर्पित समाजसेवी के रूप में याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि रमाशंकर पाठक का जीवन समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।
शोकसभा में सुरेश पाठक, विजेंद्र पाठक उर्फ नेहरू, अतुल दुबे, राममिलन राजभर, तुलसी यादव, शिशु उपाध्याय, धीरज पाठक सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

