प्रधान पुत्र पर जानलेवा हमला, सिर फूटा; जिला अस्पताल रेफर, छह पर मुकदमा

 


महराजगंज (जौनपुर)। क्षेत्र के केवटली बाजार में शनिवार को भूमि विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में ग्राम प्रधान के पुत्र पर कथित रूप से रॉड और सरिया से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार केवटली बाजार निवासी शारदा प्रसाद सोनी (48) ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी माता मुन्नी देवी ग्राम प्रधान हैं और वह उनके कार्यों का संचालन देखते हैं। आरोप है कि पड़ोसी पक्ष भी ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ता रहा है, जिसके चलते दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश चली आ रही है।

तहरीर के मुताबिक शनिवार को उनके चाचा अपनी निजी भूमि पर बाउंड्रीवाल का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी कमलेश उमर, विशाल, आदित्य और विकास समेत अन्य लोग निर्माण कार्य का विरोध करने लगे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपित पक्ष के लोग दो अज्ञात व्यक्तियों के साथ शारदा प्रसाद की दुकान पर पहुंच गए और रॉड-सरिया से हमला कर दिया।

हमले में शारदा प्रसाद के सिर में गंभीर चोट लग गई। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी मां एवं ग्राम प्रधान मुन्नी देवी को भी धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया। परिजन घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

इस संबंध में थानाध्यक्ष तरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Related

डाक्टर 5563872379212591014

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item